भगवान कृष्ण की मूर्ति खंडित, पुलिस महकमे में हड़कंप
भगवान कृष्ण की मूर्ति खंडित, पुलिस महकमे में हड़कंप
*मानस न्यूज*
जौनपुर। कथित तौर पर चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए हौसला बुलंद अराजक तत्वों ने सिपाह पुलिस चौकी स्थित भगवान कृष्ण और राधा की मूर्ति को मंगलवार की रात किसी समय खंडित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने और चौकी इंचार्ज सहित छह पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद यह घटना होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाता है। सिपाह पुलिस चौकी स्थित परिसर में लबे रोड स्थित मंदिर में भगवान कृष्ण तथा भगवान राम की मूर्ति स्थापित है।
मंगलवार की रात किसी समय अराजक तत्वों ने भगवान कृष्ण की मूर्ति को खंडित कर दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में से कुछ लोग जब मंदिर में रोज की भांति भगवान को प्रणाम करने गए तो भगवान कृष्ण और राधा की मूर्ति खंडित दिखाई दी।
जिस पर उन्होंने चौकी इंचार्ज धनंजय राय को सूचित किया। धीरे-धीरे भगवान कृष्ण और राधा की मूर्ति खंडित होने की बात सुनकर वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्र व चौकी प्रभारी धनंजय राय ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की तथा सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण किया।
शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी निरीक्षण के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं जिसे अभी बताया नहीं जा सकता है। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर बहुत जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें