महेवा कला में 109वीं रामलीला का आयोजन: भगवान राम के जन्म और ताड़का-सुबाहु के वध की लीला का मंचन
प्रयागराज। मांडा ब्लॉक क्षेत्र के महेवा कला गांव में आयोजित 109वीं वर्ष की रामलीला में शुक्रवार को भगवान राम के जन्म और ताड़का-सुबाहु के वध की लीला का मनरोम मंचन किया गया। इस अवसर पर रामलीला में राजा दशरथ को चार पुत्रों की प्राप्ति के लिए गुरु वशिष्ठ द्वारा यज्ञ अनुष्ठान की सलाह देने का दृश्य पेश किया गया।
सृंगी ऋषि द्वारा पुत्रेष्ठि यज्ञ के अनुष्ठान के बाद, राजा दशरथ को राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघन की प्राप्ति हुई। इसके बाद विस्वामित्र मुनि द्वारा राजा दशरथ से राम-लक्ष्मण की मांग की गई और भगवान राम द्वारा ताड़का और सुबाहु राक्षस का वध किया गया। इस दौरान पूरा पांडाल जय श्रीराम, हर हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा।
रामलीला में सुंदरम पांडेय ने भगवान राम की, छोटू शर्मा ने लक्ष्मण की, देवीप्रसाद वैश्य ने राजा दशरथ की, संदीप मिश्र ने गुरु वशिष्ठ की, गुलाब पांडेय ने विस्वामित्र की, अश्वनी श्रीवास्तव ने ताड़का की, आशीष श्रीवास्तव ने सुबाहु की, अविनाश शर्मा ने मारीच की और मनोज वर्मा ने दूत की भूमिका निभाई।
रामलीला प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी रविवार को धनुष यज्ञ और राम विवाह की रामलीला का मंचन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की भागीदारी की अपेक्षा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें