एलबीएसआईएम के 80 छात्र-छात्राओं ने मांडा में स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनवाड़ी और स्थानीय रोजगार की जानकारी जुटाई
मांडा। लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, द्वारका, नई दिल्ली के 80 छात्र-छात्राओं ने रूरल इमर्शन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मांडा क्षेत्र का दौरा किया। विद्यार्थियों ने गांव के जीवन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया।
विद्यार्थियों का दल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडा पहुंचा। यहां उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और लोगों तक पहुंचने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, बाल विकास और आंगनवाड़ी सेवाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय कालीन उद्योग से जुड़े कारोबारियों से संवाद किया। उन्होंने कालीन निर्माण की प्रक्रिया, बाजार की स्थिति, रोजगार के अवसर, कौशल विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं को समझा।
विद्यार्थियों के साथ लाल बहादुर शास्त्री पॉलीटेक्निक, मांडा के प्रवक्ता पवन केशरी और सुनील पांडेय मौजूद रहे। एलबीएसआईएम की डॉ. एकता सहगल और डॉ. ज्योति ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

