नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। दसवीं की परीक्षा नौ मार्च को समाप्त होगी, जबकि 12वीं की अंतिम परीक्षा नौ अप्रैल को प्रस्तावित है। इस बार बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 10वीं में 83 और कक्षा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं को मिलाकर 46.3 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 10वीं के 26.5 लाख से अधिक और 12वीं के 19.8 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हैं।
कक्षा 10वीं की शुरुआत 16 फरवरी को चित्रकला विषय की परीक्षा से होगी। 17 फरवरी को गणित (बेसिक और स्टैंडर्ड), 19 फरवरी को गृह विज्ञान और 22 फरवरी को विज्ञान की परीक्षा होगी। 26 फरवरी को अंग्रेजी कम्युनिकेटिव और अंग्रेजी लैंग्वेज एंड लिटरेचर की परीक्षा निर्धारित है। सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आठ मार्च को होगी। दसवीं की सभी परीक्षाएं नौ मार्च को समाप्त होंगी।
वहीं, कक्षा 12वीं की पहली परीक्षा 16 फरवरी को भौतिक विज्ञान की होगी। इसके बाद 23 फरवरी को अकाउंटेंसी, 25 फरवरी को भूगोल और 27 फरवरी को रसायन विज्ञान की परीक्षा होगी। मार्च में दो तारीख को मनोविज्ञान, पांच मार्च को अंग्रेजी कोर और अंग्रेजी इलेक्टिव, नौ मार्च को गणित और एप्लाइड गणित तथा 13 मार्च को हिंदी कोर और हिंदी इलेक्टिव की परीक्षा निर्धारित की गई है। 16 मार्च को अर्थशास्त्र और 19 मार्च को राजनीति विज्ञान की परीक्षा होगी। जीव विज्ञान की परीक्षा 25 मार्च और इतिहास की परीक्षा 27 मार्च को होगी।
बोर्ड के मुताबिक, सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। विषयों के संयोजन और अन्य प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है। इससे विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी की योजना बनाने में सहूलियत मिलेगी।
