गंगा पुल से नदी में कूदा 42 वर्षीय युवक, देर शाम तक नहीं चला पता; पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के सरसौल-बलुआ गंगा पुल पर सोमवार दोपहर एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश अभियान शुरू कराया। घंटों खोजबीन के बावजूद देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। उधर, पति के नदी में कूदने की खबर सुनकर पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।


नदी में छलांग लगाने वाले युवक की पहचान चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी सुशील कुमार चौबे उर्फ टिप्पू (42) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह सरसौल-बलुआ गंगा पुल पर पहुंचे और अचानक नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

एनडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया तलाशी अभियान

सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में खोजबीन शुरू कराई गई। बलुआ घाट पर ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन भी घाट पर पहुंचकर सुशील के मिलने की उम्मीद लगाए रहे, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।

परिवार का इकलौता बेटा है सुशील

सुशील कुमार चौबे स्वर्गीय राम अवतार चौबे के इकलौते पुत्र हैं। परिवार में उनकी मां गिरिजा देवी, पत्नी रिंकी चौबे, बेटा शिवम और बेटी पिक्कू हैं। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि युवक के गंगा में छलांग लगाने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश कराई जा रही है। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका था।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।