देश में बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर पहुंची, कामकाजी महिलाओं की भागीदारी में भी इजाफा

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

नई दिल्ली। देश में रोजगार के मोर्चे पर जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में सुधार के संकेत मिले हैं। बेरोजगारी दर में गिरावट के साथ ही श्रमबल में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से मंगलवार को जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में देश की बेरोजगारी दर घटकर 5.1 फीसदी रह गई, जबकि अप्रैल से जून 2026 के दौरान यह 5.4 फीसदी थी। पिछले वर्ष की समान तिमाही में बेरोजगारी दर 5.2 फीसदी दर्ज की गई थी।


रिपोर्ट के अनुसार, रोजगार के क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी इलाकों की स्थिति में अंतर देखने को मिला है। गांवों में बेरोजगारी कम हुई है, जबकि शहरों में इसमें मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, महिलाओं की श्रमबल में बढ़ती भागीदारी को भी सर्वेक्षण का महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है।

महिलाओं की श्रमबल में भागीदारी बढ़ी

सर्वेक्षण के आंकड़ों में महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों में बढ़ती हिस्सेदारी सामने आई है। देश में 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं की श्रमबल भागीदारी दर अप्रैल-जून 2026 की तिमाही में 33.2 फीसदी थी, जो जुलाई-सितंबर के दौरान बढ़कर 34.7 फीसदी हो गई। इससे काम करने वाली अथवा रोजगार की तलाश में जुटी महिलाओं की हिस्सेदारी में वृद्धि का पता चलता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी में ज्यादा गिरावट

ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। अप्रैल-जून 2026 में यह दर 4.8 फीसदी थी, जो अगली तिमाही में घटकर 4.3 फीसदी रह गई। ग्रामीण पुरुषों की बेरोजगारी दर भी 4.7 फीसदी से कम होकर 4.4 फीसदी पर पहुंच गई।

इसके विपरीत शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 6.7 फीसदी से मामूली बढ़कर 6.8 फीसदी हो गई। हालांकि, शहरी पुरुषों की बेरोजगारी दर 6.2 फीसदी से घटकर 6.1 फीसदी और महिलाओं की बेरोजगारी दर नौ फीसदी से कम होकर 8.8 फीसदी दर्ज की गई।

गांवों में स्वरोजगार का बढ़ा दायरा

रिपोर्ट में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वालों की हिस्सेदारी बढ़ने की जानकारी भी सामने आई है। अप्रैल-जून 2026 के दौरान गांवों में कुल कामकाजी लोगों में 61.4 फीसदी लोग अपना काम या कारोबार कर रहे थे। जुलाई-सितंबर की तिमाही में यह अनुपात बढ़कर 62.7 फीसदी हो गया।

वहीं, शहरी क्षेत्रों में नियमित वेतन पाने वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी में भी मामूली बढ़ोतरी हुई है। पहले यह 49.3 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 49.6 फीसदी पहुंच गई है।

दिहाड़ी मजदूरों की हिस्सेदारी में आई कमी

सर्वेक्षण के मुताबिक, ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में दिहाड़ी मजदूरी करने वालों की हिस्सेदारी घटी है। गांवों में यह अनुपात कम होकर 21.7 फीसदी रह गया, जबकि शहरों में घटकर 10.7 फीसदी दर्ज किया गया। इस तरह जुलाई-सितंबर तिमाही के आंकड़ों में बेरोजगारी दर में गिरावट, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की हिस्सेदारी में वृद्धि प्रमुख बदलाव के रूप में सामने आए हैं।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।