एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट से भारतीय बाजार की बढ़ी चमक, छह सत्रों में एफपीआई ने लगाए 53,739 करोड़ रुपये

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

नई दिल्ली। वैश्विक शेयर बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर बढ़ते दबाव का फायदा भारतीय शेयर बाजार को मिलता दिखाई दे रहा है। लगातार दो महीने तक भारतीय बाजार से बड़ी रकम निकालने वाले विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नवंबर में एक बार फिर खरीदारी शुरू कर दी है। नवंबर के शुरुआती छह कारोबारी सत्रों में ही विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 53,739 करोड़ रुपये का निवेश किया है।


विदेशी निवेशकों के रुख में आए इस बड़े बदलाव के पीछे वैश्विक बाजारों में एआई कंपनियों के शेयरों की बिकवाली, भारतीय कंपनियों के बेहतर वित्तीय नतीजे और बड़ी कंपनियों के शेयरों का आकर्षक मूल्यांकन प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। अमेरिका के साथ एशियाई बाजारों में भी एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट के चलते निवेशक अब दूसरे बाजारों में संभावनाएं तलाश रहे हैं। भारत इस बदलाव का प्रमुख लाभार्थी बनकर उभरा है।

दो महीने की बिकवाली के बाद लौटा विदेशी निवेश

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सितंबर और अक्तूबर के दौरान भारतीय शेयर बाजार से कुल 70,704 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी। इसमें सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये और अक्तूबर में 34,843 करोड़ रुपये के शेयर बेचे गए थे। हालांकि, नवंबर के शुरुआती छह कारोबारी सत्रों में 53,739 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश कर विदेशी निवेशकों ने अपना रुख बदल दिया है।

बड़ी कंपनियों के शेयरों पर एफपीआई का भरोसा

भारतीय कंपनियों की कमाई में मजबूती भी विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रही है। क्षेत्रवार निवेश पर नजर डालें तो एफपीआई की दिलचस्पी खासतौर पर बड़ी कंपनियों के शेयरों में बढ़ी है। इनमें वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, वाहन और दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। बेहतर आय और आकर्षक मूल्यांकन के चलते इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।

अमेरिका और एशिया में एआई शेयरों की बिकवाली का असर

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में वापसी की एक बड़ी वजह अमेरिका और एशियाई बाजारों में एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट है। अमेरिका के अलावा दक्षिण कोरिया, ताइवान और जापान के बाजारों में भी एआई कंपनियों के शेयर दबाव में हैं।

इसके पीछे अमेरिका में डाटा सेंटर पर होने वाले भारी-भरकम खर्च को लेकर बढ़ती चिंताएं अहम मानी जा रही हैं। इस खर्च की निरंतरता और निवेश की दिशा को लेकर उठ रहे सवालों का असर एआई क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर दिखाई दे रहा है।

डाटा सेंटर खर्च पर नियमों की आशंका

वीके विजयकुमार ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में जीत हासिल करने वाले डेमोक्रेट्स डाटा सेंटर पर बिना किसी रोक-टोक के भारी खर्च किए जाने के पक्ष में नहीं हैं। उनकी ओर से एआई से जुड़े निवेश और खर्च पर नियम तथा सीमाएं तय करने की मांग उठाई जा सकती है।

वैश्विक स्तर पर बन रहे इस माहौल में विदेशी निवेशक ऐसे शेयर बाजारों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जहां एआई कंपनियों का दबदबा अपेक्षाकृत कम है। भारत को इसी श्रेणी के आकर्षक निवेश बाजार के रूप में देखा जा रहा है।

डेट बाजार में भी बढ़ा विदेशी निवेश

विदेशी निवेशकों ने केवल शेयर बाजार में ही नहीं, बल्कि भारतीय ऋण बाजार में भी पूंजी लगाई है। नवंबर के दौरान पूर्ण रूप से सुलभ मार्ग (एफएआर) के जरिये भारतीय डेट बाजार में 7,759 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। इससे भारतीय वित्तीय बाजारों में विदेशी निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी का संकेत मिलता है।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।