शेख हसीना की स्वदेश वापसी की चर्चाओं के बीच बांग्लादेश में हिंसा भड़की, बीएनपी कार्यालय फूंका; बस में जिंदा जला ड्राइवर

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की तैयारियों और चर्चाओं के बीच देश में राजनीतिक तनाव हिंसक टकराव में बदलता नजर आ रहा है। सोमवार देर रात राजधानी ढाका समेत आसपास के कई जिलों में अवामी लीग समर्थकों और विरोधी गुटों के बीच झड़पें हुईं। इस दौरान देसी बम विस्फोट, पुलिस वाहनों पर हमले और आगजनी की कई घटनाएं सामने आईं। खगड़ाछड़ी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक वार्ड कार्यालय को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि फरीदपुर में बस में लगी आग के कारण सो रहे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।


पुलिस ने ताजा हिंसा के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारियों के मुताबिक, हिंसा की घटनाएं कई इलाकों में हुईं, जिससे सार्वजनिक संपत्तियों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। मंगलवार तड़के भी हालात तनावपूर्ण बने रहे।

पद्मा ब्रिज के टोल प्लाजा पर बमबाजी और तोड़फोड़

बांग्लादेश पुलिस के अनुसार, अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार तड़के शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के दक्षिणी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने देसी बम फोड़े और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना के चलते पुल पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

उत्तरी जिले नेत्रकोणा के मोहनगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी अंतरप्रांतीय ट्रेन हाओर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में भी आग लगा दी गई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे कर्मचारियों और दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे रेल सेवाओं पर असर नहीं पड़ा।

हसीना के गृहनगर में पुलिस वाहन फूंका

मंगलवार सुबह शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में पुलिस और प्रतिबंधित छात्र संगठन छात्र लीग तथा अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया।

वहीं, ढाका-खुलना हाईवे पर पेड़ काटकर रास्ता बंद करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटवाया और यातायात बहाल कराया। अनवारा में ग्रामीण बैंक की एक शाखा पर बम फेंके जाने से वहां रखे कागजात जल गए। रंगामाटी में अदालत और तीन शिक्षण संस्थानों के मुख्य दरवाजों पर रात के अंधेरे में ताले जड़ दिए गए।

11 गिरफ्तार, छह अन्य हिरासत में

द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में आठ वाहनों को आग के हवाले किया गया। हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने रातभर अभियान चलाकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि छह अन्य को हिरासत में लिया गया।

यह हिंसा छात्र लीग की ओर से देशभर में बुलाए गए बंद के दौरान हुई। संगठन अवामी लीग और छात्र लीग पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग कर रहा है।

भारत में रह रहीं शेख हसीना, बांग्लादेश मांग रहा प्रत्यर्पण

79 वर्षीय शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के नेतृत्व में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद से भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने जुलाई-अगस्त 2024 के प्रदर्शनों के दौरान नरसंहार के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी गैरमौजूदगी में चले मुकदमे में अदालत ने एक मामले में मृत्युदंड और दूसरे में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

इस साल फरवरी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सत्ता में आने और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग जारी है।

दिसंबर में लौटने का दावा, हत्या की भी जताई आशंका

अवामी लीग ने दावा किया है कि शेख हसीना दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी, भले ही उन्हें जरूरी दस्तावेज मिलें या नहीं। हालांकि, हसीना और उनकी पार्टी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पासपोर्ट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उनकी वापसी किस तरह होगी।

इससे पहले गत जुलाई में हसीना ने कहा था कि वह अपनी इच्छा से बांग्लादेश लौटकर आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने यह आशंका भी जताई थी कि स्वदेश पहुंचने पर अधिकारी उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं या उनकी हत्या तक की जा सकती है।

इस बीच बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना की ओर से नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किए जाने संबंधी खबरों की जांच करने की बात कही है। उनकी संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही तनावपूर्ण है और ताजा हिंसक घटनाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।