अखिलेश के अयोध्या दौरे से पहले संत समाज में मतभेद, माफी की मांग पर दो पक्ष आमने-सामने

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

12 दिसंबर को प्रस्तावित है सपा प्रमुख का रामनगरी दौरा, एक पक्ष ने 1990 के गोलीकांड पर सार्वजनिक माफी मांगी तो दूसरे ने दर्शन से रोकने को बताया अनुचित

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले रामनगरी में संत समाज के बीच मतभेद उभरकर सामने आए हैं। उनके दौरे को लेकर संत-महंत दो अलग-अलग पक्षों में बंटे नजर आ रहे हैं। एक पक्ष 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव से सार्वजनिक माफी की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष धार्मिक परंपराओं का हवाला देते हुए उनके अयोध्या आगमन और रामलला के दर्शन का समर्थन कर रहा है।


1990 की घटना को लेकर माफी की मांग

श्रीरामवल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने कहा कि 30 अक्तूबर और दो नवंबर 1990 को कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई की घटनाएं संत समाज की स्मृतियों में आज भी मौजूद हैं। उस दौरान हुई कार्रवाई की पीड़ा को भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव की सरकार के कार्यकाल में हुई पुलिस कार्रवाई के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इसके बाद गया जाकर श्राद्ध करें और सरयू में स्नान करने के बाद रामलला के दर्शन के लिए आएं। राजकुमार दास ने स्पष्ट कहा कि माफी नहीं मांगने तक विरोध जारी रहेगा और उन्हें अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

महंत कमल नयन दास ने भी अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश हिंदू समाज को भ्रमित करने के उद्देश्य से अयोध्या आ रहे हैं। उन्होंने पौराणिक पात्रों मारीच और कालनेमि का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की बात कही।

भगवान राम किसी दल विशेष के नहीं : संत

दूसरी ओर करतलिया आश्रम के महंत बालयोगी रामदास ने अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के आराध्य नहीं हैं, बल्कि सभी के पूजनीय हैं। किसी को भी रामलला के दर्शन करने से रोकने का अधिकार नहीं है।

महंत दिलीप दास ने भी इस पक्ष का समर्थन करते हुए कहा कि अयोध्या आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का स्वागत किया जाना चाहिए। भगवान की शरण में आने वालों के लिए दरवाजे बंद करना सनातन परंपरा के अनुरूप नहीं है। रामलला के दरबार में हर श्रद्धालु का स्वागत होता है।

जानकीघाट बड़ा स्थान मंदिर जाने की भी संभावना

अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम में रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के अलावा जानकीघाट बड़ा स्थान मंदिर जाने की संभावना भी जताई जा रही है। मंदिर के महंत जन्मेजय शरण ने कहा कि यदि अखिलेश यादव किशोरी जी का आशीर्वाद लेने आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा और परंपरा के अनुसार प्रसाद भी दिया जाएगा।

पवन पांडेय बोले, संत-महंतों का आशीर्वाद अखिलेश के साथ

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने बृहस्पतिवार को कहा कि संत-महंतों का आशीर्वाद समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ है। उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या आएंगे। इस दौरान राम मंदिर में रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं।

पवन पांडेय ने दावा किया कि दौरे के विरोध में बैठक करने वाले संत-महंत भी अखिलेश यादव के साथ हैं और उनका आशीर्वाद सपा प्रमुख को प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सभी संत चाहते हैं कि इस बार अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनें।

पूर्व मंत्री ने मुलायम सिंह यादव पर 1990 में कारसेवकों पर गोली चलवाने के आरोपों को भी निराधार बताया। उनका कहना था कि नेताजी ने किसी पर गोली नहीं चलवाई थी।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।