दो दिसंबर को होनी थी इकलौती बेटी की शादी, रास्ते में गोवंश से टकराई स्कूटी, साथी भी गंभीर
प्रयागराज। इकलौती बेटी की शादी को लेकर घर में खुशियों का माहौल था। पिता रिश्तेदारों को शादी का निमंत्रण देने निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मऊआइमा क्षेत्र में गोवंश से स्कूटी टकराने से गंभीर रूप से घायल सौरभ श्रीवास्तव (49) की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद गोलू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। भदोही के कोइरौना गांव निवासी सौरभ करीब तीन दशक से प्रयागराज के अल्लापुर स्थित डिगंवास कोठी में परिवार के साथ रह रहे थे। उनकी बेटी अंजली का विवाह दो दिसंबर को होना था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह पड़ोस के गोलू के साथ स्कूटी से प्रतापगढ़ में एक रिश्तेदार के यहां निमंत्रण देने जा रहे थे। मऊआइमा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने से स्कूटी उससे टकरा गई। दुर्घटना में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। वहां दोपहर करीब ढाई बजे सौरभ की सांसें थम गईं।हादसे की खबर घर पहुंचते ही शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी लता, मां संतोषा देवी, बेटे आदर्श और बेटी अंजली का रो-रोकर बुरा हाल है।
मांडा के महेवा कला निवासी अजीत श्रीवास्तव उर्फ लिटिल ने बताया कि सौरभ बेटी की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे। व्हाट्सएप पर निमंत्रण भेजने की बात पर उन्होंने कहा था कि इकलौती बेटी का विवाह है, इसलिए वह खुद घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित करेंगे। मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के सौरभ के असमय चले जाने से परिचितों में भी शोक है।

