फूलपुर तहसील में प्रशासन की सख्ती, भ्रामक जांच रिपोर्ट देने पर एक राजस्व निरीक्षक को नोटिस; निर्वाचन कार्यों में लापरवाही भी बनी कार्रवाई की वजह
फूलपुर। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, राजस्व कार्यों में उदासीनता और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। एसडीएम फूलपुर हीरालाल सैनी ने अलग-अलग मामलों में चार राजस्वकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें दो लेखपालों को निलंबित किया गया है, जबकि एक राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, क्रॉस जांच में भ्रामक सूचना देने के आरोप में एक अन्य राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से तहसील के राजस्व विभाग में खलबली मची हुई है। फूलपुर तहसील के ग्राम चक अमानुल्लाह उर्फ चकमुदन में ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसे रोकने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार सिंह और क्षेत्रीय कानूनगो राजेंद्र प्रसाद की थी। इसके बावजूद जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को नहीं रोका जा सका। मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए प्रशासन ने लेखपाल विनय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
भ्रामक जानकारी देने पर राजस्व निरीक्षक को नोटिस
इसी प्रकरण की क्रॉस जांच के लिए सिसई सिपाह क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक जितेंद्र कुमार मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच के दौरान उनके स्तर से भ्रामक सूचना दिए जाने का मामला सामने आया। इस पर प्रशासन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दूसरी ओर हसनपुर कोरारी क्षेत्र में तैनात लेखपाल मनोज कुमार यादव पर भी कार्रवाई की गई है। उन पर राजस्व संबंधी कार्यों की अनदेखी करने, निर्वाचन कार्यों में शिथिलता बरतने और उच्चाधिकारी की अनुमति के बिना तहसील मुख्यालय छोड़ने के आरोप लगे हैं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने उन्हें निलंबित कर दिया। एसडीएम हीरालाल सैनी ने कहा कि सभी राजस्वकर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी भूमि की सुरक्षा, राजस्व संबंधी कार्यों और निर्वाचन की जिम्मेदारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
