पहले दो ग्राम रक्षा गार्ड और अब दो एसपीओ को बनाया निशाना, स्थानीय नेटवर्क और दुर्गम इलाकों की जानकारी रखने वालों की हो रही टारगेट किलिंग
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों ने स्थानीय सुरक्षा तंत्र से जुड़े लोगों को निशाना बनाने की रणनीति अपनाई है। पिछले एक साल में दो ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) और अब दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों घटनाओं में समानता यह है कि आतंकियों ने ऐसे स्थानीय लोगों को निशाना बनाया, जो सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े होने के साथ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों से अच्छी तरह परिचित थे।
एसपीओ की ताजा हत्याओं ने किश्तवाड़ में आतंकियों की दोबारा सक्रियता और उनकी रणनीति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इसी साल फरवरी में ऑपरेशन त्राशी के दौरान पाकिस्तानी आतंकी सैफुल्लाह समेत सात आतंकियों का सफाया किया गया था। इसके बाद क्षेत्र में आतंकी गतिविधियां कुछ कम हुई थीं, लेकिन अब उनकी मौजूदगी फिर सामने आने लगी है।
पहाड़ों से घिरे दुर्गम इलाके, घने जंगल और सीमित संपर्क मार्ग किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों के लिए लंबे समय से चुनौती बने हुए हैं। पिछले वर्ष आठ नवंबर को आतंकियों ने ग्राम रक्षा गार्ड नजीर अहमद और कुलदीप कुमार का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी थी। अब नवंबर में ही दो एसपीओ को निशाना बनाया गया है।
आतंकी जहांगीर सरूरी की गतिविधियों पर रख रहे थे नजर
हत्या के शिकार दोनों एसपीओ पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) इकाई में तैनात थे। स्थानीय निवासी होने के कारण वे किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में लंबे समय से सक्रिय आतंकी जहांगीर सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। सरूरी क्षेत्र में अपने नेटवर्क के सहारे लगातार सक्रिय है।
ऐसे में दोनों एसपीओ की हत्या के पीछे सरूरी की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पर दूर से गोलियां चलाई गई थीं।
आतंकियों ने बदला वारदात के बाद छिपने का तरीका
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों ने अपनी कार्यशैली में भी बदलाव किया है। अब वे वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत एक स्थान से दूसरे स्थान पर भागने के बजाय लंबे समय तक सुरक्षित ठिकानों में छिपे रहने की रणनीति अपना रहे हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
खुफिया इनपुट के मुताबिक, आतंकी मोबाइल फोन का इस्तेमाल सीमित कर रहे हैं। इसके बजाय जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरणों के माध्यम से आवाजाही और ठिकानों तक पहुंचने का रास्ता तय कर रहे हैं। उनके नेटवर्क में ऐसे सुरक्षित ठिकाने भी शामिल हैं, जहां लंबे समय तक ठहरने के साथ भोजन और अन्य जरूरी रसद की व्यवस्था पहले से मौजूद रहती है।
हाइडआउट और मददगार नेटवर्क पर निगरानी चुनौती
आतंकियों की बदली कार्यशैली के बीच सुरक्षा एजेंसियों के लिए तीन प्रमुख पहलू महत्वपूर्ण हो गए हैं। पहला, मोबाइल फोन का इस्तेमाल कम होने के बावजूद उनकी गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं जुटाना। दूसरा, उनके छिपने के सुरक्षित ठिकानों और वहां तक पहुंचने वाली रसद व्यवस्था का पता लगाना। तीसरा, स्थानीय स्तर पर आतंकियों को मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क की पहचान करना।
कुलगाम हमले में बुलेटप्रूफ जैकेट भेदने वाली गोलियों के इस्तेमाल के संकेत
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकी हमले की शुरुआती जांच में घातक आर्मर-पियर्सिंग गोलियों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इन गोलियों की मारक क्षमता इतनी अधिक थी कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट को भी भेद दिया। इसके चलते सुरक्षा कवच पहने होने के बावजूद जवान गंभीर रूप से घायल हुए।
शुरुआती फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच में हमले के दौरान एके-47 राइफलों के इस्तेमाल की भी पुष्टि किसी हद तक हुई है। हालांकि, एक अधिकारी के मुताबिक, अभी तक आर्मर-पियर्सिंग गोलियों के इस्तेमाल के संकेत ही मिले हैं। इसकी औपचारिक पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
विशेष धातु की कोर से लैस होती हैं ये गोलियां
आर्मर-पियर्सिंग गोलियां सामान्य कारतूसों की तुलना में अधिक घातक होती हैं। इन्हें विशेष रूप से बुलेटप्रूफ जैकेट, बख्तरबंद वाहनों और अन्य सुरक्षा कवच को भेदने के लिए तैयार किया जाता है। इनके अगले हिस्से में स्टील या टंगस्टन जैसी बेहद कठोर धातु की कोर लगी होती है, जो इन्हें अधिक भेदन क्षमता प्रदान करती है।
कुलगाम हमले में इस तरह के कारतूसों के इस्तेमाल के संकेत मिलने से सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी घाटी में कई आतंकी हमलों में इस तरह के अत्याधुनिक कारतूसों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आ चुकी है। ताजा खुलासे के बाद सुरक्षा बलों के सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल की समीक्षा भी की जा रही है।

