बिहार, जम्मू-कश्मीर और यूपी में अविवाहितों की आबादी सबसे अधिक

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

देश में 50.5 फीसदी आबादी अविवाहित, महिलाओं की शादी की औसत उम्र 22.9 वर्ष; गांवों के मुकाबले शहरों में करीब दो साल देरी से हो रहे विवाह

नई दिल्ली। देश में शादी की उम्र और वैवाहिक स्थिति को लेकर राज्यों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। बिहार, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में अविवाहित आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक दर्ज किया गया है। वहीं, तमिलनाडु इस मामले में सबसे नीचे है। महिलाओं की शादी की राष्ट्रीय औसत उम्र 22.9 वर्ष है। ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी महिलाएं औसतन करीब दो साल अधिक उम्र में विवाह कर रही हैं।


भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस) के वर्ष 2023 के आंकड़ों के अनुसार, देश की कुल आबादी में 50.5 फीसदी लोग अविवाहित थे, जबकि 45.9 फीसदी आबादी विवाहित थी। शेष 3.6 फीसदी लोग विधवा-विधुर, तलाकशुदा या अपने जीवनसाथी से अलग रह रहे थे।

बिहार में 58.3 फीसदी आबादी अविवाहित

राज्यों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार में अविवाहित आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक 58.3 फीसदी दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर 57.5 फीसदी के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश 55.8 फीसदी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके विपरीत तमिलनाडु में अविवाहित आबादी का अनुपात सबसे कम 41.3 फीसदी दर्ज किया गया।

18 वर्ष से पहले 2.1 फीसदी महिलाओं की शादी

महिलाओं की विवाह आयु के आंकड़े बताते हैं कि देश में 72.9 फीसदी महिलाओं का विवाह 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र में हुआ। वहीं, 25 फीसदी महिलाओं की शादी 18 से 20 वर्ष के बीच हुई, जबकि 2.1 फीसदी महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले हो गया।

कम उम्र में विवाह के मामले में पश्चिम बंगाल और झारखंड की स्थिति अधिक चिंताजनक है। पश्चिम बंगाल में 6.3 फीसदी महिलाओं की शादी 18 वर्ष से कम उम्र में हुई, जबकि झारखंड में यह आंकड़ा 4.6 फीसदी रहा।

शहरों में 24.3 वर्ष है महिलाओं की औसत विवाह आयु

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विवाह की औसत उम्र में भी अंतर देखने को मिला है। गांवों में महिलाओं की शादी औसतन 22.4 वर्ष की उम्र में हो रही है, जबकि शहरों में यह औसत बढ़कर 24.3 वर्ष पहुंच गया है। इस तरह शहरी क्षेत्रों में महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में लगभग दो वर्ष बाद विवाह कर रही हैं।

जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक औसत विवाह आयु

राज्यों के बीच महिलाओं की औसत विवाह आयु में भी उल्लेखनीय अंतर है। जम्मू-कश्मीर में यह सबसे अधिक 26.3 वर्ष दर्ज की गई। दिल्ली में महिलाओं की औसत विवाह आयु 24.6 वर्ष, जबकि हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 24.5 वर्ष रही।

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में महिलाएं औसतन 21.3 वर्ष और झारखंड में 21.5 वर्ष की उम्र में विवाह कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की शादी की औसत उम्र 23.3 वर्ष दर्ज की गई है। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में यह औसत 23 वर्ष, जबकि शहरी क्षेत्रों में 24.7 वर्ष है।

यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।