गाजियाबाद। मकान तक जाने के रास्ते को लेकर आठ वर्षों से चल रहे विवाद का समाधान नहीं होने से परेशान 61 वर्षीय बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने दो पन्नों के सुसाइड नोट में अपनी पीड़ा लिखने के साथ ही दो भाइयों और दो भतीजों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
मामला साहिबाबाद के सिकंदरपुर गांव का है। रिक्शा चालक रविंद्र डागर मंगलवार सुबह घर में लकड़ी की सीढ़ी पर रस्सी के सहारे लटके मिले। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, रविंद्र और उनके भाइयों के बीच 1050 वर्गगज के प्लॉट का बंटवारा हुआ था। रविंद्र को पीछे का हिस्सा मिला था और आठ फीट रास्ता देने के लिए समझौता हुआ था। आरोप है कि भाइयों ने केवल तीन फीट रास्ता दिया और बाकी हिस्से पर कब्जा कर लिया।
परिवार का कहना है कि रविंद्र ने पुलिस, प्रशासन और मुख्यमंत्री के जनता दरबार तक शिकायत की, लेकिन विवाद नहीं सुलझा। सुसाइड नोट में पुलिस कार्रवाई से नाराजगी भी जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

