भाई दूज पर एक साथ उठीं चार अर्थियां, नौ माह के मासूम ने पिता को दी मुखाग्नि; आगरा में पसरा मातम

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

आगरा। भाई दूज के दिन जहां बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं आगरा के एक परिवार में चार युवकों की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों के शव बुधवार को घर पहुंचे तो पूरे इलाके में शोक छा गया। शाम को एक साथ चार अर्थियां उठीं। सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया, जब महज नौ माह के मासूम वंश ने अपने पिता गोविंद को मुखाग्नि दी।


यह हादसा मंगलवार को इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र में चौपला कट के पास हुआ था। हादसे में आगरा के बोदला स्थित शारदा विहार निवासी तीन सगे भाई मोहित, गोविंद और हरिओम तथा उनका मौसेरा भाई विकास जान गंवा बैठे। शुरुआत में हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल हरिओम ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मोहित पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में कार चलाते थे। करीब 15 दिन पहले ही उन्होंने नई अर्टिगा कार खरीदी थी। वह इसे टैक्सी के रूप में चलाना चाहते थे। कार का पूजन कराने के लिए वह अपने पैतृक गांव औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र स्थित पटना जाने की तैयारी में थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने भाई गोविंद, हरिओम, भतीजे हिमांशु और रोहताश तथा मौसेरे भाई विकास के साथ घर से निकले थे। इसी दौरान चौबिया क्षेत्र में उनकी कार आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी।

परिवार के सामने खड़ा हुआ जीवनभर का संकट

इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परशुराम के तीनों जवान बेटे मोहित, गोविंद और हरिओम अब इस दुनिया में नहीं हैं। पिता पहले से लकवाग्रस्त हैं, जबकि मां सावित्री देवी वृद्ध हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाला कोई नहीं बचा है।

तीनों भाइयों में केवल गोविंद विवाहित थे। उनकी पत्नी खुशी के माता-पिता भी नहीं हैं। नौ माह का बेटा वंश अब पिता के साये से वंचित हो गया है। परिवार के पास अपना मकान भी नहीं है। ऐसे में बुजुर्ग माता-पिता और मासूम बच्चे के भविष्य को लेकर परिजन और आसपास के लोग चिंतित हैं।

चार शव पहुंचे तो गूंज उठीं चीखें

बुधवार शाम करीब पांच बजे चारों युवकों के शव आगरा स्थित शारदा विहार पहुंचे। शव देखते ही परिवार की महिलाओं का विलाप शुरू हो गया। बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग भी अंतिम दर्शन के लिए जुटे। इसके बाद चारों शवों को अंतिम संस्कार के लिए कैलाश घाट ले जाया गया। गोविंद के नौ माह के बेटे वंश ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। अन्य तीन युवकों का अंतिम संस्कार परिवार के सदस्यों ने किया।

मोहित के मौसेरे भाई विकास की भी चार माह की बेटी है। उसकी पत्नी रिहा का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की महिलाएं उन्हें संभालने में जुटी रहीं।

चौपला कट से दो किलोमीटर आगे हुआ हादसा

चौबिया के एसओ महेंद्र सिंह के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि मोहित और गोविंद पहले चौपला कट से उतरकर लोकपुरा गांव जाना चाहते थे। बाद में उन्होंने वहां जाने का विचार बदल दिया और सीधे बिधूना की ओर रवाना हो गए। इसके करीब दो किलोमीटर आगे ही उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय कार की गति लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई है।


यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।