प्रयागराज के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, हरदोई हादसे में सौरभ समेत पत्नी और दो बेटों की मौत

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

लेखक परिचय

मानस न्यूज-24 संवाददाता

प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय, जनहित एवं समसामयिक खबरें।

प्रयागराज। छठ पूजा और भैया दूज पर अपनों के बीच त्योहार मनाने की तैयारी कर रहा एक परिवार रास्ते में ही उजड़ गया। हरदोई जिले के सांडी क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में प्रयागराज के सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दोनों बेटों की मौत हो गई। बुधवार दोपहर बाद हादसे की खबर धूमनगंज के नीमसराय स्थित घर पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना से मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं।

सौरभ उपाध्याय नोएडा में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। वह एक सॉफ्टवेयर कंपनी चलाते थे। छठ पूजा और भैया दूज का पर्व मनाने के लिए बुधवार को वह पत्नी मेनका और दोनों बेटों शिवओम व व्योम के साथ नोएडा से प्रयागराज के लिए निकले थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसा इतना भीषण था कि सौरभ और उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका। शिवओम ने सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में, जबकि व्योम ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

चाचा को सबसे पहले मिली हादसे की खबर

परिवार तक हादसे की सूचना सबसे पहले सौरभ के चाचा राम इकबाल उपाध्याय को दोपहर करीब दो बजे मिली। उन्होंने प्रयागराज के प्रीतम नगर में रहने वाली सौरभ की एक बहन और वाराणसी में रहने वाली दूसरी बहन को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों के मुताबिक, माता-पिता की तबीयत बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उन्हें देर शाम तक इस दुखद घटना के बारे में नहीं बताया गया।

मोहल्ले में पसरा मातम

सौरभ उपाध्याय ने मनौरी स्थित केंद्रीय विद्यालय से पढ़ाई की थी। उनकी पत्नी मेनका मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थीं। परिवार के चारों सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से नीमसराय इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां सन्नाटा पसरा है। पड़ोसी और परिचित इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।


यह खबर आपको कैसी लगी?

आप फोटो, वीडियो और जरूरी विवरण सीधे मानस न्यूज-24 के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज सकते हैं।