धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस सतर्क, बाजारों में किया भ्रमण

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

मांडा के बाजारों में सुरक्षा का जायजा लेती पुलिस 

मांडा। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर मांडा पुलिस ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में भ्रमण कर व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पटाखा दुकानदारों को नियमों का पालन करते हुए ही बिक्री करने की हिदायत दी गई।

पुलिस टीम ने मांडा खास, हाटा, भारतगंज, नहवाई, चिलबिला, दिघिया और सुरवांदलापुर बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत की। लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई।

थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। बाजारों में पुलिस की निगरानी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भ्रमण में उपनिरीक्षक शिव कुमार गोयल, आमिर खान उस्मानी, भारतगंज चौकी प्रभारी हर्ष कुमार, दिघिया चौकी प्रभारी अक्षय प्रताप भदौरिया, सोएब खान और एके जैदी समेत महिला उपनिरीक्षक, महिला आरक्षी व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। 



यह खबर आपको कैसी लगी?