मथुरा। गाजियाबाद में पुलिस चौकी पर हुए धमाके के बाद मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर वाहनों की जांच बढ़ाने के साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने हरियाणा और राजस्थान से लगी सीमाओं के अलावा दूसरे जिलों से जुड़े चेक प्वाइंटों पर भी निगरानी तेज कर दी है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इससे पहले नगर निगम के मेयर कार्यालय को ई-मेल भेजकर आठ से 27 नवंबर के बीच बम धमाकों की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही पुलिस-प्रशासन सतर्क था। गाजियाबाद की घटना के बाद संवेदनशील इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

