प्रयागराज। दीपावली के बाजार में मां के साथ फुलझड़ी खरीदने निकली चार साल की मासूम बच्ची की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज कस्बे में रविवार शाम बाजार की भीड़ के बीच बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित तालाब में बच्ची का शव उतराता मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान दानियालपुर गांव निवासी लकड़ी कारोबारी जफर अदील की चार वर्षीय बेटी तारा के रूप में हुई है। रविवार शाम जफर की पत्नी सतूदा बेगम परिवार की अन्य महिलाओं के साथ बाजार गई थीं। उनके साथ तारा भी थी। बाजार में मां ने बच्ची को फुलझड़ी दिलाई थी। इसके बाद भीड़ के बीच अचानक उसका पता नहीं चला।
22 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
बच्ची के गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने बाजार और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिलने पर खोजबीन तेज की गई। जांच के दौरान बाजार की करीब 22 दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। एक कैमरे में बच्ची अपनी मां के साथ फुलझड़ी खरीदते दिखाई दी, लेकिन इसके बाद किसी अन्य कैमरे में उसकी मौजूदगी नहीं मिली।
सुबह तालाब में मिला शव
सोमवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित तालाब में बच्ची का शव उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। नवाबगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, बच्ची बाजार से तालाब तक कैसे पहुंची, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है।
क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम भी जांच में जुटी
एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बाजार के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ लोगों से पूछताछ कर रही है। बच्ची के तालाब तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। जिस बच्ची के लिए मां बाजार से दीपावली की खुशियां खरीदने निकली थी, उसी की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

