मुरादाबाद। पत्नी के साथ घर चलने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी घटना में बदल गया। नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट मोहल्ले में शनिवार दोपहर तौकीर ने अपनी पत्नी फरहीन (26) की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद की गर्दन भी काट ली। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में तौकीर को टीएमयू रेफर कर दिया गया।
कटघर के करूला निवासी तौकीर पीतल की फर्म में पॉलिश का काम करता है। करीब आठ साल पहले उसने बंगला गांव निवासी फरहीन से प्रेम विवाह किया था। दंपती के चार बच्चे हैं। फरहीन के मुताबिक, पति के नशे में झगड़ा करने से परेशान होकर वह करीब 15 दिन पहले बच्चों के साथ मायके आ गई थी।
पांच दिन पहले दिल्ली से लौटे तौकीर का पत्नी पर वापस करूला चलने का दबाव था। शनिवार को वह फरहीन के मायके पहुंचा। उस समय उसके माता-पिता और बच्चे घर से बाहर थे। फरहीन ने साथ जाने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तौकीर ने गाली-गलौज और धमकी देने के बाद ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। फिर खुद को भी घायल कर लिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और परिजनों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। फरहीन होश में थी, जबकि तौकीर की हालत गंभीर होने पर उसे टीएमयू में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

