वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ फिलहाल कोई नया सैन्य हमला नहीं करने का फैसला किया है। हालांकि, अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। ट्रंप ने यह रुख कतर समेत खाड़ी क्षेत्र के कई देशों की अपील के बाद अपनाया है। उन्होंने व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात के बाद इसकी जानकारी दी।
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में कतर अहम भूमिका निभा रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया के सबसे उन्नत सैन्य हथियार हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनका इस्तेमाल करने की कोई जरूरत नजर नहीं आती। उन्होंने बताया कि कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बहरीन और कुवैत सहित कई देश नहीं चाहते कि अमेरिका ईरान पर नए सिरे से सैन्य कार्रवाई करे।
होर्मुज की नाकेबंदी पर अमेरिका का रुख बरकरार
ट्रंप ने सैन्य हमले टालने के संकेत जरूर दिए हैं, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने की घोषणा नहीं की है। इस तरह ईरान के खिलाफ अमेरिकी दबाव की रणनीति फिलहाल जारी रहेगी। दूसरी ओर, ईरान भी अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है और उसने अमेरिका से बातचीत के संबंध में कथित गलत खबरें फैलाना बंद करने को कहा है।
ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं सात शर्तें
ईरान की सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने अमेरिका से काल्पनिक बातचीत की झूठी खबरें प्रसारित नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान की सात शर्तें स्वीकार करनी चाहिए।
ईरान की ओर से रखे गए प्रस्ताव में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने, कुछ प्रतिबंधों को हटाने और बमबारी रोकने की मांग शामिल है। इसके बदले ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से अपनी नाकेबंदी हटाने के लिए तैयार है।
वहीं, परमाणु कार्यक्रम और अन्य प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दों पर बाद के चरण में बातचीत करने का प्रस्ताव दिया गया है।
अमेरिका ने प्रस्ताव को बताया अव्यावहारिक
ईरान की ओर से रखी गई शर्तों को अमेरिका ने स्वीकार नहीं किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस प्रस्ताव को अव्यावहारिक करार दिया है। इसके विपरीत ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इसे सबसे उचित प्रस्ताव बताया है।
दोनों देशों के बीच शर्तों को लेकर मतभेद बरकरार हैं। ऐसे में ट्रंप की ओर से फिलहाल नए हमले रोकने का फैसला और होर्मुज में नाकेबंदी जारी रखने का रुख पश्चिम एशिया के घटनाक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

