एससी-एसटी अदालत ने शंकरगढ़ थाने से तलब की आख्या, 25 नवंबर को अगली सुनवाई
प्रयागराज। शंकरगढ़ क्षेत्र में जमीन पर कब्जे और मारपीट से जुड़े मामले में विशेष एससी-एसटी अदालत ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। अदालत ने थाना शंकरगढ़ से पूछा है कि शिकायत के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है अथवा नहीं। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है।
गंगोत्री नगर, नैनी निवासी परमेश्वर प्रसाद भारतीया ने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया है। उनका आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2015 में अपनी पत्नी के नाम शंकरगढ़ में जमीन खरीदी थी। बीते 16 सितंबर को वह उक्त भूमि पर बाउंड्रीवाल बनवाने के लिए नींव खुदवा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान करीब 100 लोग मौके पर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। अदालत ने अब थाना शंकरगढ़ से इस मामले में रिपोर्ट तलब की है।
