घर के बाहर खेल रहे पांच बच्चों को बोलेरो ने कुचला, दो की मौत

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

जन्मदिन वाले दिन ही दो वर्षीय अंश की गई जान, तीन बच्चे और बुजुर्ग महिला घायल



मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भायपुर गांव में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे पांच बच्चों को कुचल दिया। हादसे में दो वर्षीय अंश और एक साल की बच्ची चित्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में ठेले पर मौजूद एक बुजुर्ग महिला भी घायल हुई हैं। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा मूंढापांडे-करनपुर मार्ग पर शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ। गांव निवासी सतपाल सड़क किनारे पकौड़ी का ठेला लगाए था। इसी दौरान पास में बच्चे खेल रहे थे। छह वर्षीय इच्छा अपनी एक साल की बहन चित्रा को गोद में लेकर बैठी थी। वहीं अंश, महक और आयुष भी आसपास खेल रहे थे। तभी करनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पहले ठेले से टकराई और उसे करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई। इसके बाद वाहन ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में चित्रा और अंश की जान चली गई, जबकि इच्छा, महक और आयुष घायल हो गए। ठेले पर मौजूद 65 वर्षीय चंपा देवी को भी चोटें आईं। मृतक अंश का उसी दिन जन्मदिन था और परिवार में उत्सव की तैयारी चल रही थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। चालक को थाने ले जाने के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के अनुसार, वाहन चालक को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

यह खबर आपको कैसी लगी?