बरहा कला : समाजसेवी राम मिश्रा ने कथावाचक को चांदी का मुकुट भेंटकर किया सम्मानित
प्रयागराज। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक संदेशों से बरहा कला गांव का कथा पंडाल सराबोर हो उठा। स्वतंत्रता सेनानी स्व. कमलाकांत तिवारी की स्मृति में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठवें दिन बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण के महारास और रुक्मिणी विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वृंदावन से पधारे कथा व्यास शैलेंद्र कृष्ण महाराज ने प्रसंगों की भावपूर्ण व्याख्या कर भक्ति और समर्पण का संदेश दिया।महारास की महिमा बताते हुए कथाव्यास ने कहा कि यह जीवात्मा और परमात्मा के पावन मिलन का प्रतीक है। रुक्मिणी विवाह प्रसंग में उन्होंने बताया कि विदर्भ नरेश भीष्मक की पुत्री रुक्मिणी भगवान श्रीकृष्ण के गुणों और पराक्रम से प्रभावित थीं। उन्होंने मन ही मन कृष्ण को अपना जीवनसाथी स्वीकार कर लिया था, लेकिन उनके भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया। रुक्मिणी का संदेश पाकर भगवान श्रीकृष्ण गौरी पूजन के अवसर पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले जाकर विवाह किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। सजीव प्रस्तुति और भक्ति गीतों के बीच निकली झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए। इस अवसर पर दिघिया गांव निवासी समाजसेवी राम मिश्रा ने कथावाचक शैलेंद्र कृष्ण महाराज को चांदी का मुकुट भेंटकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक आयोजन के प्रति उनकी श्रद्धा और सहभागिता की भी चर्चा रही। कथा विराम के बाद मुख्य यजमान ने भगवान श्रीमद्भागवत की महाआरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक पंडाल भजन-कीर्तन और जागरण से भक्तिमय बना रहा।

