शटरिंग का काम करता था मृतक, पीछे छूट गए पत्नी और दो मासूम बच्चे; सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज। मऊआइमा थाना क्षेत्र के विशानी उर्फ शिकोहाबाद गांव में शुक्रवार देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी विजय लाल उर्फ मिंटू (पुत्र कन्हैया लाल) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई उदय प्रकाश और छोटे भाई सत्येंद्र कुमार हैं। परिवार में चार बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। विजय शटरिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी सरोज देवी, मां रामसखी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पीछे छह वर्षीय बेटी रिया और चार वर्षीय बेटा बादल हैं। पिता की हत्या से दोनों मासूमों के सिर से साया उठ गया। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

