मिर्जापुर। शराब के ठेके पर हुए विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। कहासुनी के दौरान आरोपी ने गमछे में ईंट बांधकर उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने धारदार हथियार से हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
घटना विंध्याचल और जिगना थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित शराब के ठेके के पास बुधवार शाम करीब सात बजे हुई। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी गेंदालाल (45) मजदूरी करते थे। गांव की सड़क के दूसरी ओर जिगना थाना क्षेत्र के दुगहा गांव में शराब का ठेका है। बुधवार शाम गेंदालाल और दुगहा गांव निवासी आर्यमान उर्फ धानी ठेके पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद आर्यमान ने गमछे में ईंट बांधकर गेंदालाल के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरोई ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी हिरासत में, परिजनों ने किया हंगामा
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। वे शव लेकर घर पहुंचे और सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर विंध्याचल और जिगना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। मृतक के पुत्र राजकुमार ने बताया कि उनके चाचा भी लापता हैं और उनके पिता की हत्या की गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आर्यमान पहले भी गांव के कई लोगों पर हमला कर चुका है। कुछ समय तक चित्रकूट में रहने के बाद वह करीब एक महीने पहले गांव लौटा था।
पुलिस ने तहरीर लेकर शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अमित कुमार और एसपी सिटी योगेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा परिजनों से तहरीर ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि शराब के ठेके पर विवाद के बाद युवक ने गमछे में ईंट बांधकर गेंदालाल के सिर पर प्रहार किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर विंध्याचल थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

