कानपुर। संपत्ति के विवाद में छोटे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घर के पास खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजयगांधी नगर की है। दिवाली की रात मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि छोटे भाई प्रियम और उसकी पत्नी रानी ने बड़े भाई आनंद पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने शव को घसीटकर घर के अंदर ले जाकर ईंट से हमला किया और देर रात शव पड़ोस के खाली प्लॉट में फेंक दिया।
पड़ोसी की सूचना पर यूपी-112 की पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर लौट गई। सुबह खाली प्लॉट में शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के भतीजे दिव्यांशु की तहरीर पर आरोपी दंपती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम में सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि हुई है।

