मंदिर के गर्भगृह में मांस के टुकड़े मिलने से हड़कंप, निलंबित शिक्षक गिरफ्तार

पढ़ने का समय: गणना हो रही है…

आपकी सुरक्षित खबरें

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, दोबारा मंदिर पहुंचने पर महंत ने पकड़ा; पुलिस ने जेल भेजा



अलीगढ़। जिले के प्रसिद्ध खेरेश्वर धाम मंदिर में शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिलने के मामले में पुलिस ने एक निलंबित प्राथमिक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। मंदिर परिसर में दोबारा पहुंचने पर मुख्य महंत ने उसे पहचान लिया। इसके बाद सेवादारों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की जानकारी फैलने पर मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे एक व्यक्ति गर्भगृह में पहुंचा था। आरोप है कि उसने काली पॉलीथिन में रखे मांस के टुकड़े शिवलिंग के पास रख दिए और वहां से चला गया। शाम को श्रृंगार से पहले गर्भगृह की सफाई के दौरान सेवादारों को मांस के टुकड़े दिखाई दिए। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक अधेड़ व्यक्ति काली पॉलीथिन लेकर मंदिर में आता दिखाई दिया।

मंगलवार को वही व्यक्ति फिर मंदिर पहुंचा तो मुख्य महंत प्रहलाद गिरी महाराज ने उसे पहचान लिया। सेवादारों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अनवरुद्दीन के रूप में हुई है। वह प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत बताया गया है और काफी समय से निलंबित चल रहा था।

महंत की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। भीड़ जुटने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आरोपी को देर रात जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

यह खबर आपको कैसी लगी?