एटा। अवैध संबंधों के चलते एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप लगा है। दिवाली से लापता 40 वर्षीय रामसेवक का शव मंगलवार को हाईवे किनारे नाले में मिलने से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।
मामला एटा के भदवास गांव का है। रामसेवक दिल्ली में गाड़ी चलाते थे। आठ नवंबर को वह दिवाली मनाने बच्चों के साथ गांव आए थे। उसी दिन शाम करीब सात बजे अचानक लापता हो गए। परिजनों ने तलाश के बाद अगले दिन पिलुआ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार को भदुआ और भदवास के बीच हाईवे किनारे नाले में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पहचान रामसेवक के रूप में हुई। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। घटनास्थल के पास खून से सना पत्थर भी मिला।
मृतक के भाई भूप सिंह ने पत्नी सीमा और उसके प्रेमी आकाश पर हत्या का आरोप लगाया। एएसपी श्वेताभ पांडेय के अनुसार, दोनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि आकाश की तलाश में दबिश दी जा रही है।

