24 हजार रुपये मानदेय, कैशलेस इलाज और बकाया भुगतान समेत कई मांगें; लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदेशव्यापी आंदोलन में लेंगे हिस्सा
मांडा (प्रयागराज)। मानस न्यूज। लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। मंगलवार से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल को लेकर सोमवार को मांडा ब्लॉक के रोजगार सेवकों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एडीओ पंचायत अरुण कुमार यादव को पत्र सौंपा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के बैनर तले होने वाले इस आंदोलन में कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदेशव्यापी हड़ताल के तहत लखनऊ के ईको गार्डन में भी रोजगार सेवक जुटेंगे। समिति की प्रमुख मांगों में चार अक्तूबर 2021 को मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं को लागू करना, अन्य विभागों के संविदा कर्मचारियों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा देना और न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करना शामिल है। इसके साथ ही मानदेय भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था, प्रत्येक माह नियमित भुगतान तथा लंबित ईपीएफ और मानदेय का बकाया जारी करने की मांग उठाई गई है। रोजगार सेवकों ने वीबी-जीरामजी के तहत श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान भी तत्काल उनके बैंक खातों में भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीशंकर यादव और महामंत्री श्रीराम के नेतृत्व में पत्र सौंपने वालों में सुशील कुमार, विनीत कुमार, दिनेश कुमार, नम्रता द्विवेदी, मिश्रीलाल, पप्पू सोनकर, रोहित सिंह और अवधेश सहित अन्य रोजगार सेवक शामिल रहे।

