संदेश

सितंबर, 2026 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

लोहे की रॉड से हमला और गला दबाने का आरोप, दंपती गिरफ्तार

चित्र
पुलिस हिरासत में आरोपी मांडा। भारतगंज कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मांडा पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक के सिर पर लोहे की रॉड से वार करने के बाद उसका गला दबाया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, भारतगंज के वार्ड नंबर सात निवासी बीबी फातिमा ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उनके पति कुल्ली पर नियाज और उसकी पत्नी हाजरा बेगम ने हमला किया। पहले लोहे की रॉड से सिर पर प्रहार किया गया और फिर जमीन पर गिराकर गला दबाया गया। इसके बाद दोनों उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से चले गए। शिकायत के आधार पर मांडा थाने में नियाज और हाजरा बेगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी कदम रसूल (गुरु का तालाब), भारतगंज निवासी हैं। एसओ कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी की। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हर...

15 साल से इसी घर में रह रहा था अखलेश, कूलर हटाते ही लगा करंट और चली गई जान

चित्र
मांडा। जिस घर में करीब डेढ़ दशक से रहकर घरेलू काम में हाथ बंटा रहा था, रविवार शाम वही घर युवक के लिए आखिरी ठिकाना बन गया। कूलर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर हटाते समय युवक करंट की चपेट में आ गया। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते, उसकी जान जा चुकी थी। कोठरी गांव निवासी श्यामलाल जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अखलेश (28) करीब 15 वर्ष पहले उनके गांव आया था। तभी से वह उनके घर में रह रहा था और घरेलू काम में सहयोग करता था। रविवार शाम करीब पांच बजे अखलेश कूलर को दूसरी जगह रखने के लिए हटा रहा था। इसी दौरान कूलर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। श्यामलाल के अनुसार अखलेश बोल नहीं पाता था। इस कारण उसके पिता का नाम और मूल निवास संबंधी जानकारी भी परिवार को नहीं थी। सूचना पर दिघिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल प्रयागराज भेज दिया।

यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ सड़क पर उतरे सवर्ण समाज के लोग

चित्र
मांडा । यूजीसी के नए नियमों को लेकर विरोध का सिलसिला रविवार को मांडा में सड़क तक पहुंच गया। सवर्ण समाज के लोगों ने मांडा रोड चौराहे से चिलबिला बाजार तक न्याय यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नए नियमों में संशोधन किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि नियमों में सवर्ण छात्रों को भी शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने नए नियमों को वापस लेने की मांग रखी। मांडा रोड चौराहे से शुरू हुई यात्रा चिलबिला बाजार पहुंची। इस दौरान लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। न्याय यात्रा में विक्की तिवारी, अभय तिवारी, सुनीत सिंह, अमन तिवारी, आकाश मिश्रा, शिवाकांत तिवारी, दिव्यांशु तिवारी, अनीश सिंह और आयुषी सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

जादू और कठपुतली के खेल से बेटियों की योजनाओं का संदेश

चित्र
मांडा । मंच पर जादू का खेल और कठपुतली की प्रस्तुति चल रही थी, लेकिन इनके जरिए ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा संदेश बेटियों और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा था। रविवार को बभनी हेठार गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत यह कार्यक्रम जिला प्रोबेशन कार्यालय प्रयागराज की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कराया गया। खंड विकास अधिकारी मांडा के सहयोग और ग्राम प्रधान के समन्वय से हुए आयोजन में जादूगर रविंद्र कुमार एंड पार्टी ने प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना समेत बेटियों और महिलाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा महिलाओं के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। प्रस्तुतियों के दौरान पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के तरीके भी समझाए गए। कार्यक्रम में सखी चंद्र, पंचम, ननकू, अमर प्रकाश और कमल किशोर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मांडा रोड रेलवे क्रॉसिंग तीन दिन रहेगा बंद, इस रास्ते से जाएंगे वाहन

चित्र
मांडा। मांडा रोड रेलवे स्टेशन के पास से गुजरने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे क्रॉसिंग संख्या 18सी पर मरम्मत कार्य के कारण तीन दिन तक फाटक से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे में इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 28 से 30 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहेगी। इस अवधि में दोपहिया, चारपहिया समेत अन्य वाहनों को बामपुर रेल ओवरब्रिज से होकर आवागमन करना होगा। रेलवे प्रशासन ने क्रॉसिंग बंद रखने की जानकारी संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को दे दी है। साथ ही यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।