जादू और कठपुतली के खेल से बेटियों की योजनाओं का संदेश
मांडा। मंच पर जादू का खेल और कठपुतली की प्रस्तुति चल रही थी, लेकिन इनके जरिए ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा संदेश बेटियों और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा था। रविवार को बभनी हेठार गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत यह कार्यक्रम जिला प्रोबेशन कार्यालय प्रयागराज की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कराया गया। खंड विकास अधिकारी मांडा के सहयोग और ग्राम प्रधान के समन्वय से हुए आयोजन में जादूगर रविंद्र कुमार एंड पार्टी ने प्रस्तुतियां दीं।
कलाकारों ने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना समेत बेटियों और महिलाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा महिलाओं के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
प्रस्तुतियों के दौरान पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के तरीके भी समझाए गए। कार्यक्रम में सखी चंद्र, पंचम, ननकू, अमर प्रकाश और कमल किशोर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें