मांडा पुलिस का तस्करों पर शिकंजा, 25.5 किलो गांजे के साथ तीन गिरफ्तार
![]() |
| मांडा पुलिस की हिरासत में आरोपी |
थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में चफला पहाड़ी के पास कार्रवाई, दो आरोपी फरार; 12 पुलिसकर्मियों की टीम रही शामिल
मानस न्यूज-24
मांडा, प्रयागराज। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मांडा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 25.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मांडाखास स्थित चफला पहाड़ी के पास हुई इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस टीम की सतर्कता और आपसी तालमेल सामने आया।
थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक शिवकुमार गोयल की टीम ने चफला पहाड़ी के पास कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 25.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार उर्फ पंडित पुत्र फूलचंद्र यादव निवासी धरी, थाना मांडा, मूल निवासी कंहौरी राजा, थाना लालगंज, मिर्जापुर; सीता देवी पत्नी गायत्री प्रसाद बिंद निवासी चफला, थाना मांडा, मूल निवासी गैपुरा स्टेशन के पास, थाना विंध्याचल, मिर्जापुर और सुभा देवी पत्नी स्वर्गीय अजय बिंद निवासी बघेड़ा कला, थाना जिगना, मिर्जापुर शामिल हैं।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बाहर से गांजा मंगवाकर क्षेत्र में बेचने की बात बताई। मामले में चफला निवासी आरोपी गायत्री प्रसाद पुत्र मंगरू प्रसाद और महुआरी खुर्द, भारतगंज निवासी रेहान पुत्र कमालुद्दीन फरार हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवकुमार गोयल, अबू तालिब जैदी, उपेंद्र नाथ सिंह और आमिर खान उस्मानी के साथ हेड कांस्टेबल श्लोक प्रसाद, कांस्टेबल विवेक सिंह, कांस्टेबल अभिषेक, संजय कुमार यादव और अर्जुन कुमार तथा महिला कांस्टेबल खुशबू पांडेय, सुमन और पुष्पा कुमारी शामिल रहीं।
पुलिस टीम ने समन्वित प्रयास से गांजे की बड़ी खेप बरामद कर मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सक्रियता और टीमवर्क के साथ की गई यह कार्रवाई मांडा पुलिस के अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें