त्रिशूल पूजा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
मांडा के परमहंस आश्रम में संतों का जमावड़ा, सत्संग में भक्तों को मिला भक्ति और जीवन का संदेश
मांडा। मांडा खास स्थित परमहंस आश्रम, मांडव ऋषि धाम मुर्तिया दह में मंगलवार को त्रिशूल पूजा और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही आश्रम परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।
परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित कार्यक्रम में कई वरिष्ठ संतों ने हिस्सा लिया। महंत विजय बाबा ने संत नारद महाराज का फूल-मालाओं से स्वागत किया। संत तुलसी महाराज, संत भवानंद महाराज, रविंद्र बाबा समेत अन्य संतों ने भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
पूजा-अर्चना के बाद संतों ने सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन के विभिन्न पहलुओं और भक्ति के मार्ग की जानकारी दी। संतों के प्रवचन सुनने के लिए आश्रम परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सत्संग के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान आश्रम परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महंत विजय बाबा के साथ श्रद्धालु राहुल सिंह, संत सिंह, शीतला, कमल नारायण, सूबेदार यादव, डॉ. बलस्टर, विजय, मुलायम, करण समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें