मरीजों की सेवा के बीच काली पट्टी का विरोध, मांडा सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने उठाईं मांगें
पांच से सात अक्तूबर तक सांकेतिक आंदोलन, नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन समेत मांगों को लेकर अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
मांडा। मांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सेवाएं दे रहे करीब डेढ़ दर्जन स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध शुरू किया है। पांच से सात अक्तूबर तक चल रहे इस विरोध में कर्मचारी काली पट्टी बांधकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं।
संयुक्त कर्मचारी संघ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश स्तरीय प्रस्तावित आंदोलन के समर्थन में यह विरोध किया जा रहा है। कर्मचारियों की मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और अनुकंपा नियुक्ति समेत अन्य मांगें शामिल हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वे विरोध के दौरान भी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सीएचसी अधीक्षक डॉ. यूपी सिंह कुशवाहा को सौंपा।
ज्ञापन देने वालों में डॉ. विजय कुमार, डॉ. सौरभ आर्या, आशीष पांडेय, मनोरमा देवी और श्रीकांत पांडेय समेत करीब डेढ़ दर्जन स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें